रोहतक। गांव भंभेवा के पास हाइवे पर हिसार के एक व्यक्ति के मुंह पर फूंक मारकर एक बाबा 1 लाख 3 हजार 500 रुपये लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस को दी शिकायत में सतीश कुमार ने बताया कि वह उकलाना मंडी हिसार का रहने वाला है। उसने टाटा एसएक्सएल गाड़ी ली हुई है। वह अपनी गाड़ी में उकलाना से पीवीसी भरकर बहादुरगढ़ अशोक गोयल के पास आया था। गाड़ी में मौजूद माल को वह बहादुरगढ़ उतारकर एक लाख रुपये पेमेंट व गाड़ी का किराया 3500 रुपये लेकर गाड़ी के केबिन में रखकर बहादुरगढ़ से उकलाना के लिए चला था। जब वह रोहतक के पास बाहरी बाईपास नजदीक भंभेवा गांव से करीब 2 किलोमीटर हिसार की तरफ आया तो इसी दौरान एक सफेद गाड़ी उसके पीछे से आई। इस कार चालक ने सतीश की गाड़ी को क्रास करके हाथ का इशारा करके गाड़ी रुकवाई। सतीश ने गाड़ी रोकी तो उक्त गाड़ी में से बाबा नीचे उतरकर सतीश की गाड़ी की कंडक्टर साइड में आकर खिड़की खोलकर अंदर आ गया। इसके बाद बाबा ने कहा कि बच्चा डेशबोर्ड को खोलकर दिखाओ, इसमें क्या रखा है। सतीश ने मना किया तो बाबा ने उस पर फूंक मार दी। इसके बाद सतीश ने चाबी से डेशबोर्ड का लॉक खोल दिया। डेशबोर्ड में रखे 1 लाख तीन हजार पांच सौ रुपये लेकर बाबा अपनी गाड़ी को लेकर चला गया।