रोहतक। कोरोना के कारण शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति शिक्षाविद् प्रो. डॉ. रामसजन पाण्डेय की मौत हो गई। इससे विश्वविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारियों में शोक का माहौल है। उनका उपचार शहर के एक निजी अस्पताल में 12 दिन से चल रहा था।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति महंत बालकनाथ योगी ने बताया कि कुलपति के असामयिक मौत से सभी लोग स्तब्ध हैं। आज उत्तर भारत के हिंदी साहित्य जगत का एक तारा सदा के लिए अस्त हो गया है। उनका हिंदी जगत के लिए योगदान सदा स्मरणीय रहेगा। उनके परलोक गमन से एक अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने चार वर्षों तक कुलपति के पद पर अत्यंत निष्ठा और लगन से सेवा की है। इस दौरान अंजना राव ने कहा कि कुलपति का निधन विवि परिवार के लिए अत्यंत दुख की बात है। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। कुलसचिव प्रो. सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि शिक्षाविद् की मौत से शिक्षा जगत को बहुत बड़ा आघात लगा है। विश्वविद्यालय के मुख्य सलाहकार ओपी सचदेवा ने भी संवेदना व्यक्त की करते हुए कहा कि भगवान कुलपति की आत्मा को शांति प्रदान करें। इस दुखद घड़ी में विवि के सभी विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, टीचिंग, नॉन टीचिंग स्टाफ सदस्यों ने भी कुलपति को श्रद्धांजलि दी। संवाद