फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नए बस स्टैंड के बाहर ऑटो चालकों का हंगामा, जाम लगाया पुलिस ने भगाया

Sun, 04 Dec 2016 02:44 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
बस स्टैंड के अंदर और बाहर से सवारियां भरने को लेकर शुरू हुआ यातायात पुलिस का विरोध - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
नए बस स्टैंड के बाहर शनिवार को ऑटो चालकों ने यातायात पुलिस के खिलाफ हंगामा खड़ा कर दिया। ऑटो चालकों ने एकजुट होकर नए बस स्टैंड रोड पर ऑटो खड़ा करके शीला बाई पास से सुखपुरा चौक रोड पर जाम लगाना शुरू कर दिया। तभी बस स्टैंड चौकी के पुलिसकर्मी सहित यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने के लिए चालकों को खदेड़ना शुरू किया। ऑटो चालकों की मांग थी कि सवारियां या तो बस स्टैंड के अंदर से ली जाएं या सिर्फ बाहर से। साथ ही टोकन सिस्टम को वापस लेने की भी मांग की। करीब दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद यातायात पुलिस सहित आटो यूनियन के अध्यक्ष के आश्वासन के बाद ऑटो चालक वहां से हटे।
विज्ञापन

सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे कुछ ऑटो चालक बस स्टैंड के बाहर से सवारियां को बैठा और उतार रहे थे। तभी स्टैंड के अंदर से चलने वाले ऑटो चालकों ने उनका विरोध शुरू कर दिया। जब उन्हें पता चला कि बाहर से दो-दो ऑटो चालकों को सवारियां बैठाने और उतारने के लिए यातायात पुलिस ने कहा है तो वह पुलिस प्रशासन के विरोध में उतर आए। धीरे-धीरे अन्य ऑटो चालक भी एकजुट होने लगे। देखते ही देखते सभी ने टोकन सिस्टम के विरोध में यातायात पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। चालकों ने ऑटो को सड़क पर खड़ा करके जाम लगाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस सहित पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और चालकों को जाम खोलने को कहा। इस बीच चालकों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई। वहीं करीब दो बजे ऑटो चालक शांत हुए।

यूनियन के प्रधान भी पहुंचे मौके पर
न्यू रोहतक ऑटो रिक्शा कल्याण समिति के प्रधान राजेंद्र दहिया भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालकों को समझाने की कोशिश की। चालकों का कहना था कि जब बस स्टैंड के अंदर ऑटो स्टैंड बना है तो पुलिस प्रशासन बाहर से सवारियां बैठाने और उतारने वालों को क्यों नहीं रोक रहा। वहीं राजेंद्र दहिया ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द ऑटो चालकों की परेशानियों को दूर किया जाए।
विज्ञापन


देखते ही देखते टोकन सिस्टम का भी विरोध शुरू
कुछ ही देर में ऑटो चालकों ने जाम लगाते हुए टोकन सिस्टम को रद करने की मांग शुरू कर दी। इस पर हरियाणा प्रदेश ऑटो कल्याण संघ के जिला प्रधान विक्की पहलवान ने चालकों को समझाया कि चालकों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। रूट प्लान के अनुसार शहर में चलें, उसके बाद समस्या आती है तो प्रशासन से बात करके समाधान किया जाएगा।

चालक बोले, रूट सिस्टम से होगी परेशानी
विरोध कर रहे ऑटो चालकों ने कहा कि रूट के हिसाब से चलने पर घर का खर्च चलाएं या ऑटो की किश्त दें। उन्होंने कहा कि सवारियां जल्दी नहीं मिलती और सवारियों को जाने की जल्दी होती है। ऐेसे में एक सवारी के लिए रूट पर चलना नुकसान भरा कदम होगा। विरोध जताया कि कार और बाइक चालकों के अवैध पार्किंग की वजह से जाम लगता है। इसके बावजूद ऑटो चालकों को परेशान करके जाम की वजह बताया जाता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।


किया जाएगा समाधान
सिस्टम को लेकर विरोध नहीं हुआ है। बस स्टैंड के गेट के अंदर और बाहर से सवारी लेने पर विवाद हो गया था। एक पक्ष का कहना था कि ऑटो बाहर से सवारी ले। जबकि दूसरा इसका विरोध कर रहा था। बाद में समस्या को सुलझा लिया गया। चालकों के विरोध को बातचीत के जरिये सुलझा लिया जाएगा।
विज्ञापन

डॉ. रवींद्र, यातायात डीएसपी
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें