झज्जर। ट्रेड यूनियनों और संयुक्त किसान मोर्चा के जेल भरो, रास्ता रोको और रेल रोको अभियान के तहत सोमवार को प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने लघु सचिवालय में घुसने से रोकने के लिए लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ दिए। वहां मौजूद विभिन्न किसान-मजदूर संगठनों और सेंट्रल ट्रेड यूनियनों के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 250 से अधिक लोगों ने गिरफ्तारी भी दी।
प्रदर्शनकारियों ने अनाज मंडी परिसर में इकठ्ठा होकर सभा का आयोजन किया गया। इसके बाद सभी नारे लगाते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। पुलिस ने पहले से ही रोकने की तैयारी कर ली थी लेकिन प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम या डीसी को बुलाने की मांग की ताकि ज्ञापन दे सके। कुछ देर बाद तहसीलदार ज्ञापन लेने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन देने से इन्कार कर दिया।
इसके बाद अधिकारियों के नहीं आने पर प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और बैरिकेड्स हटाकर अंदर घुसने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की होती रही।
एसडीएम रवि मीणा मौके पर पहुंचे। एसडीएम को प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया। प्रदर्शनकारी मांग करते रहे कि जब तक गाड़ियां बुलाकर उनको गिरफ्तार नहीं किया जाएगा तब तक वह नहीं जाएंगे। उसके बाद रोडवेज बसों को मौके पर बुलाया गया और उसमें बैठकर प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारियां दी। लघु सचिवालय से प्रदर्शनकारियों को बसों में ले जाकर पुलिस लाइन में छोड़ दिया गया। इसके बाद सभी वापस चले गए।
किसानों व मजदूरों की आर्थिक स्थिति हो रही खराब : जयकरण
किसान नेता जयकरण मांडौठी ने बताया कि सरकार की कॉर्पोरेट हितैषी नीतियों से किसानों और मजदूरों की आर्थिक स्थिति खराब हो रही है। उन्होंने भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करने, सभी फसलों की खरीद की गारंटी सी2+50% के तहत देने, बिजली बिल व बीज बिल 2025 वापस लेने, बिजली निजीकरण रोकने और किसान-मजदूरों की कर्जमाफी की मांग की। मनरेगा बहाल कर 200 दिन काम व 700 रुपये दिहाड़ी, चार लेबर कोड रद्द करने, ठेकेदारी व सरकारी विभागों के निजीकरण पर रोक लगाने की भी मांग की।
इस अवसर पर सूबेदार चरण सिंह, सुरेंद्र सिंह सिवाच, कै. सतबीर सिंह, सुनील कुमार, दिलबाग सिंह दलाल, सुमित छिकारा, जगबीर सिंह, अमित दलाल उर्फ चिंटू प्रधान, रमेश जाखड़, बंसीलाल, प्रवेश मातनहेल, किरण बरहाना, रणबीर सिंह, रामकिशन, संदीप, प्रकाशी देवी और मा. बलबीर सिंह मौजूद थे।
10jjrp17- लघु सचिवालय में घुसने का प्रयास करते प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास करते पुलिस कर
10jjrp17- लघु सचिवालय में घुसने का प्रयास करते प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास करते पुलिस कर
10jjrp17- लघु सचिवालय में घुसने का प्रयास करते प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास करते पुलिस कर