रोहतक। हिसार रोड स्थित गद्दी खेड़ी गांव में एचडीएफसी बैंक की दीवार तोड़कर शनिवार की रात दो युवकों ने चोरी किया प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस संबंध में अज्ञात युवकों के खिलाफ बहुअकबरपुर थान में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस को दी शिकायत में पटाखा फैक्टरी के नजदीक राजीव विहार कॉलोनी निवासी अमित नरवाल ने बताया कि वे एचडीएफसी बैंक की गद्दी खेड़ी गांव स्थित ब्रांच में वरिष्ठ रिटेल ब्रांच अधिकारी के तौर पर कार्यरत हैं। रविवार सुबह बैंक के ब्रांच मैनेजर सोमबीर मान का फोन आया।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि बैंक की पिछली दीवार तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया है। वे मौके पर पहुंचे और जांच की तो आधा फीट दीवार टूटी मिली। जहां से दीवार तोड़ी गई वह बैंक के स्टोर रूम के साथ लगती है। साथ ही चोरों ने दीवार के साथ लगी अलमारी में भी छेद कर दिया।
बैंक के सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो उसमें दो युवक एटीएम के पास घूमते दिखाई दे रहे हैं। एक लड़का फुटेज में बैंक का मुख्य दरवाजा तोड़ने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। सूचना पाकर बहुअकबरपुर थाना के कार्यकारी प्रभारी सोहन लाल मौके पर पहुंचे और जांच की।