संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव तिहाड़ मलिक में कहासुनी की रंजिश के चलते दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। दुकानदार को जबरन शराब पिलाने की कोशिश में कहासुनी हो गई थी। घायल ने मामले शिकायत पुलिस को दी है।
गांव तिहाड़ मलिक निवासी कृष्ण ने मोहाना थाना पुलिस को बताया कि वह गांव के अड्डे पर दुकान चलाते हैं। 29 अक्तूबर की रात को संदीप, सचिन और सुशील ने उन्हें कॉल कर भैंसवाल बुलाया था। उनके कहने पर वह चले गए। जहां उसे जबरदस्ती शराब पिलाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। जिसके चलते उनकी कहासुनी हो गई। उसके बाद उनका समझौता हो गया। उसी कहासुनी की रंजिश के चलते 1 नवंबर को उनकी दुकान पर आकर संदीप, राकेश, सुशील ने हमला कर दिया। धारदार हथियार से वार करने के साथ ही डंडे से पीटा गया। भीड़ जुटने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल में पहुंचे। जहां उपचार के बाद छुट्टी मिलने पर उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।