लाढोत रोड पर शराब ठेके के कर्मचारी के साथ हुई मारपीट के बाद घटना स्थल पर पुछताछ करते पुलिस कर्मी ?
लाढ़ौत रोड पर मकड़ौली मोड़ स्थित शराब ठेके पर रविवार सुबह बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने सेल्समैन से नकदी छीनने का प्रयास किया। इस दौरान जब सेल्समैन ने विरोध किया तो पहले तो एक बदमाश ने उसके सिर में ईंट दे मारी, फिर जब सेल्समैन ने बहादुरी दिखाते हुए उसे पकड़ा तो बदमाश ने तमंचा निकाल कर दो फायर किये। इस दौरान सेल्समैन ने काउंटर के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। आखिर में बाद बदमाश वहां रखा मोबाइल लेकर फरार हो गए। इसके बाद सेल्समैन ने ठेकेदार और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए तलाश शुरू कर दी है।
घायल होने पर भी बदमाश को पकड़ने का किया प्रयास
जानकारी के अनुसार मकडौली मोड़ पर लाढ़ौत निवासी दिनेश का अंग्रेजी शराब का ठेका है। रविवार करीब 7 सुबह सेल्समैन किलोई निवासी निरंजन (50) ठेके पर बैठा हिसाब - किताब कर रहा था। इसी दौरान करीब सवा सात बजे दो नकाबपोश बाइक सवार ठेके पर आए। इस दौरान एक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा ठेके के अंदर घुसा और सेल्समैन के हाथ से नकदी झपटने का प्रयास किया। इस दौरान सेल्समैन निरंजन ने नकदी को कस के पकड़ लिया। इससे तैश में आए बदमाश ने दुकान के बाहर पड़ी ईंट उठाई और निरंजन के सिर पर दे मारी। इससे घायल निरंजन ने साहस नहीं छोड़ा और बहादुरी दिखाते हुए बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया। इस पर खुद को घिरता देख बदमाश ने तमंचा निकाल दो फायर किए। इस दौरान निरंजन काउंटर की पीछे छिप गया। फिर बदमाश काउंटर पर रखा मोबाइल उठा फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद सेल्समैन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना करके पीड़ित निरंजन से पूछताछ की। वहीं फोरेंसिक टीम ने कुछ सुबूत एकत्रित करके मौके से बरामद बुलेट को कब्जे में लिया।
नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाशों ने ठेके पर धावा बोलकर लूटपाट का प्रयास किया। जब सेल्समैन ने विरोध किया तो उस पर ईंट से हमला किया, दो गोलियां भी चलाई। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ धारा 379बी (बलपूर्वक छीनना), 397 (लूटपाट के लिए जान से मारने का प्रयास), 285 (तमंचे से फायर करना) और 25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
- सतवीर सिंह, थाना प्रभारी
सफेद रंग की बाइक की पुलिस को पहले से है तलाश
सफेद रंग की बाइक पर सवार दोनों बदमाश आए दिन वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। यह हालात तो तब है जबकि पुलिस अफसर सख्त चेकिंग का दावा करते हैं। घायल सेल्समैन निरंजन ने बताया कि बदमाश सफेद रंग की फर्राटा से दौड़ने वाली बाइक पर सवार थे। मौके पर पहुंची ने जब उसे मोबाइल से कुछ फोटो दिखाए तो उसने एक फोटो से बाइक की पहचान कर ली। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि सेल्समैन ने बदमाशों का हुलिया व जो बाइक बताई है, वह वही है जिसकी पुलिस को तलाश है। उन्होंने बताया कि बदमाश नकाबपोश हैं जिसकी वजह से उनके चेहरा साफ नहीं दिखता। इस वजह से बदमाशों को पकड़ने में दिक्कत आ रही है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है, जल्द ही बदमाश पकड़ में होंगे।