फोटो : सोनीपत के गांव छिन्नौली में कांस्य पदक विजेता कोमल कोहाड़ का सम्मान करते दहिया खाप प्रधान
- फोटो : samvad
खरखौदा। गांव छिन्नौली की बेटी कोमल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र और देश का नाम रोशन किया है। कोमल ने एशियन सीनियर वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता है। पदक जीतकर रविवार को घर लौटने पर खुशी का जोरदार स्वागत किया गया।
खुशी का खरखौदा में ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ विजय जुलूस निकाला गया। इसके बाद गांव छिन्नौली में समारोह आयोजित कर कोमल को सम्मानित किया गया।
कोमल की इस उपलब्धि से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने कहा कि कोमल ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण अंचल की बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का परचम लहरा सकती हैं। युवाओं को भी उससे प्रेरणा लेने की जरूरत है।
इस अवसर पर कोमल के कोच सत्यवान को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि 11 से 17 मई तक गांधीनगर, गुजरात में आयोजित एशियन प्रतियोगिता के 48 किलो भार वर्ग में कोमल कोहाड़ ने कांस्य पदक जीता है।
इससे पहले 27 अप्रैल से 1 मई तक समोआ की राजधानी आपिया में आयोजित हुई यूनिवर्सल कप प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए भी कोमल ने सीनियर वर्ग में उन्होंने रजत पदक हासिल कर देश का मान बढ़ाया था। कोमल ने दोहरी उपलब्धि प्राप्त कर अपना व क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस दौरान पूर्व विधायक जयवीर सिंह, दहिया खाप प्रधान जयपाल दहिया, विजय भी मौजूद रहे।