01 रोहतक के रेलवे स्टेशन पर टिकट लेने के लिए लाइन में खड़े यात्री। संवाद
रोहतक। दीपावली और छठ त्योहारों की भीड़ ट्रेनों में दिखने लगी है। अभी से ट्रेनों में रिजर्वेशन टिकट बुकिंग फुल हो चुकी है। रोहतक से गुजरने वाली ज्यादातर ट्रेनों में टिकट वेटिंग मिल रही है। सीट फुल होने से प्रवासी यात्री सबसे ज्यादा परेशान हैं। अक्तूबर में दीपावली और छठ दो बड़े त्योहार पड़ रहे हैं। ऐसे में यात्रियों को स्पेशल ट्रेन चलने की उम्मीद है, तभी कुछ मुश्किलें कम हो सकती हैं।
रोहतक रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग काउंटर पर सितंबर के अंतिम दो सप्ताह और अक्तूबर में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। त्योहारी सीजन पर बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले हजारों यात्रियों की चिंता बढ़ गई है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि गोरखधाम ट्रेन अभी रद्द चल रही है। हिमसागर ट्रेन में 94 वेटिंग चल रही है।
अंडमान एक्सप्रेस में 10 अक्तूबर तक 50 से ज्यादा वेटिंग है। अवध आसाम दैनिक ट्रेन में अभी 71 वेटिंग चल रही है। कटरा साप्ताहिक ट्रेन में भी दीपावली के बाद तक वेटिंग चल रही है। टिकट बुक कराने आए सलीम ने बताया कि स्लीपर की टिकट ली है, वेटिंग मिला है। पता नहीं सीट कंफर्म होगी भी या नहीं। टीकट कंफर्म न होने पर परेशानी निश्चित है।
-
हर साल त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या बढ़ती है। इससे यात्रियों को परेशानी हो सकती है। अगर रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी तो यात्रियों को राहत मिलेगी।
-बलराम मीणा, स्टेशन अधीक्षक।