एमडीयू के गणित विभाग में कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थी औरशिक्षक। स्रोत : एमडीयू
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के गणित विभाग में आयोजित प्रथम समर स्कूल इंडस्ट्रियल रेडीनेस के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में प्रथम हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस रविवार को संपन्न हुआ। इस समर स्कूल में प्रतिभागियों को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से संबंधित विषयों पर गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने प्रतिभागियों के उत्साह, सीखने की भावना और गणित विभाग की इस नवाचारी पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि एआई आज के दौर की आवश्यकता बन चुका है।
विशिष्ट अतिथि प्रो. एससी मलिक ने समर स्कूल को उद्योग की मांगों के अनुसार छात्रों को दक्ष बनाने वाला एक अनूठा प्रयास बताया। विश्वविद्यालय प्रॉक्टर प्रो. रणदीप राणा ने भी विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया। यह कैंप कॅरिअर काउंसलिंग और प्लेसमेंट सेल व रूहिल फ्यूचर टेक्नोलॉजीज के सहयोग से आयोजित किया गया।
इसके संस्थापक अंशुल रूहिल ने बताया कि छात्रों को वास्तविक औद्योगिक चुनौतियों से अवगत कराने के साथ लाइव प्रोजेक्ट्स पर कार्य कराया गया। उन्होंने बताया कि एआई पर आधारित इस समर स्कूल ने छात्रों को नवाचार और उद्यमिता की ओर प्रेरित किया।
गणित विभागाध्यक्ष प्रो. सुमित गिल ने बताया कि समर स्कूल के लिए 270 छात्रों में से 30 का चयन कर उन्हें उद्योग-केंद्रित एआई प्रशिक्षण दिया गया। यह कार्यक्रम छात्रों को आधुनिक उद्योगों की मांगों के अनुरूप व्यावहारिक ज्ञान देने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
आरएफटी टीम रिया, निखिल और सुधांशु ने एमडीयू के साथ अपनी साझेदारी यात्रा साझा करते हुए समर स्कूल की प्रमुख विशेषताओं और लाभों पर एक प्रभावशाली प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. मीनाक्षी हुड्डा, कार्यक्रम समन्वयक व डिप्टी डायरेक्टर, कॅरिअर काउंसिलिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से किया गया। मंच संचालन डॉ. मोनिका सांगवान ने किया।