रोहतक। किलोई निवासी चचेरे भाई ऋषभ व रौनक की हत्या कर शव भालौठ नहर में फेंकने के मामले में शनिवार को पीड़ित परिवार अन्य ग्रामीणों के साथ आईजी कार्यालय पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने एएसपी वाई वीआर शशि शेखर को हत्या में शामिल वंश के अलावा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद एएसपी ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ऋषभ व रौनक के दादा किलोई निवासी सतबीर, धर्मवीर व अन्य ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रॉलियों में सवार होकर दिल्ली बाईपास स्थित आईजी कार्यालय पहुंचे। यहां आईजी की अनुपस्थिति के चलते उनकी मुलाकात एएसपी से हुई। सतबीर ने कहा कि चचेरे भाइयों ऋषभ व रौनक की हत्या कर शव नहर में फेंके गए थे।
इस मामले में पुलिस ने सिर्फ वंश को गिरफ्तार किया है। वह अकेला दो हत्या नहीं कर सकता। इस मामले में और भी लोग शामिल हैं। पुलिस इन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है, इसलिए ग्रामीण न्याय की मांग लेकर यहां आए हैं। संबंधित अधिकारी इस मामले में कुछ नहीं कर रहे हैं। सभी हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर न्याय दिलाया जाए।
एएसपी ने उनकी सारी बातें सुनीं। इसके बाद कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले में दो संदिग्ध और उठाए गए हैं। सीसीटीवी खंगाले गए हैं। इनमें कुछ सबूत मिले हैं। इनके आधार पर कार्रवाई करते हुए केस में आगे बढ़ रहे हैं। जल्दी ही और आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस आश्वासन पर ग्रामीण लौट गए।
किलोई निवासी ऋषभ व उसके चचेरे भाई रौनक के शव 29 सितंबर को भालौठ नहर में मिले थे। इस मामले में परिजनाें ने हत्या का अंदेशा जताते हुए कुछ लोगों पर आरोप लगाए थे।