रोहतक। शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए शिक्षा विभाग की ओर विद्यार्थियों का आकलन किया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने जिले के 55 स्कूलों को चिह्नित किया गया। विभाग निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत कक्षा 2 से 4 तक के विद्यार्थियों का अध्ययन करेगा जिससे विद्यार्थियों का समग्र स्वास्थ्य का आकलन, ट्रैकिंग और निगरानी की जा सके।
शिक्षा विभाग की ओर से यह कार्यक्रम कक्षा 2 से 4 तक के छात्रों के सीखने के परिणामों को मापने के लिए तैयार किया गया है। इसके तहत साक्षरता और संख्यात्मकता के लिए पिछले वर्ष में सिखाई गई दक्षताओं का परीक्षण किया जाएगा।
मूल्यांकन करने वाले फील्ड इंवेस्टिगेटर (एफआई) का चयन विभिन्न बीएड कॉलेजों के छात्रों के रूप में किया है। शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि जिले के 55 स्कूलों में करीब 23 एफआई बनाए जाएंगे जो 2-3 स्कूलों का दौरा करेंगे और 6 से 9 दिनों की अवधि के लिए छात्रों का परीक्षण करेंगे।
जिला एफएलएन समन्वयक रूपांशी ने बताया कि फील्ड इंवेस्टिगेटर की ओर से प्रति कक्षा लगभग 250-400 छात्रों का परीक्षण किया जाएगा। सूची बनाकर स्कूलों को निकटता के आधार पर एफआई को आवंटित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्य 13 अक्तूबर से ही प्रारंभ हो जाएगा।