आरोपियों से बरामद एसएससी आंसर-की फर्जी है या असली, यह फैसला सोमवार को हो जाएगा।
कर्मचारी चयन आयोग से प्रमाणिक जानकारी पुलिस विभाग को 30 नवंबर को मिलेगी। हालांकि इसके लिए विभाग के एक कर्मचारी को दिल्ली स्थित आयोग के कार्यालय में जाना होगा।
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि आरोपियों के पास से मिली आंसर-की को मिलान के लिए कर्मचारी चयन आयोग भेजा गया था। आयोग ने मिलान के लिए करीब दस दिन का समय मांगा था। अब सोमवार को आयोग की तरफ से जवाब आएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसएससी आंसर-की लीक मामले में फरार चल रहे आरोपी आसन निवासी छोटा का पुलिस कोर्ट से जल्द ही गिरफ्तारी वारंट जारी करवाएगी। इसके लिए सोमवार को ही कोर्ट में अर्जी लगाई जाएगी।
पुलिस टीम छोटा की तलाश में लगी है। गौरतलब है कि पुलिस के हाथ लगे आरोपी दिलबाग ने पूछताछ में बताया था कि छोटा ने ही उसे आंसर-की भेजी थी। इसके बाद दिलबाग ने अपने दो साथियों नवीन और एक अन्य को आंसर-की भेजी थी। पुलिस मामले में अभी तक तीन गिरफ्तारी क र चुकी है।