रोहतक। कोरोना फिर डराने लगा है। दबे पांव आ रही महामारी का खतरा भांप सरकार ने प्रदेश के चार जिलों में मास्क लगाने की अनिवार्यता लागू की है। कोरोना की चौथी लहर का संकेत दे रही महामारी का एक और नया संक्रमित मरीज सामने आया है। इसके साथ ही संक्रमित मरीजों की संख्या चार पहुंच गई है। पीजीआई ने भी खतरा भांपते हुए सी-ब्लॉक व वार्ड 24 को फिर से कोविड ब्लॉक व कोविड वार्ड बना दिया है। गंभीर मरीजों के लिए सी-ब्लॉक के दस आईसीयू बेड रिजर्व कर दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में मंगलवार को एक और नया संक्रमित केस मिला है। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या चार हो गई है। ये चारों मरीज घरों में आइसोलेशन में रखे गए हैं। विभाग ने दिन भर में 30 संभावित मरीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। यही नहीं कोविड-19 संक्रमण दर पिछले तीन दिन में शून्य से बढ़ कर 3.3 प्रतिशत पहुंच गई है। जबकि सुधार की दर 98.12 प्रतिशत है।
पीजीआई प्रशासन ने की आपात बैठक
मंगलवार को पीजीआईएमएस में आपात बैठक बुलाकर अधिकारियों व चिकित्सकों को सचेत किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ईश्वर सिंह ने कोविड संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि सी-ब्लॉक व वार्ड 24 को फिर से कोविड ब्लॉक व कोविड वार्ड घोषित कर दिया गया है। वहीं गंभीर मरीजों के लिए सी-ब्लॉक के 10 आईसीयू बेड रिजर्व कर दिए गए हैं। इस मौके पर डॉ. सुरेश सिंघल, डॉ. प्रेम प्रकाश गुप्ता, डॉ. सुखबीर बराड़, डॉ. जितेंद्र जाखड़, डॉ. आशा सहरावत, डॉ. संदीप गोयल, डॉ. वरूण, डॉ. अमरिश, डॉ. हरनीत सिंह, कोविड प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
बढ़ाई जाएगी जांच की संख्या
एमएस ने कोविड जांच की संख्या बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि कोविड में काम आने वाले सभी सामान की खरीद कर ली जाए। इसके लिए सभी नोडल अधिकारी अपनी डिमांड तुरंत भेजें। कोविड संदिग्ध मरीजों व कोविड पॉजीटिव रिपोर्ट आने पर मरीजों को सीधे आपातकालीन विभाग के साथ बने सी-ब्लॉक में आना होगा।