रोहतक। गर्मी की छुट्टियों के चलते अंडमान एक्सप्रेस में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। स्थिति यह है कि 9 जुलाई तक ट्रेन पूरी तरह फुल चल रही है। रिमोट लोकेशन वेटिंग लिस्ट भी प्रतिदिन 20 से अधिक पहुंच रही है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चेन्नई से जम्मूतवी के बीच चलने वाली अंडमान एक्सप्रेस रोहतक-जींद रूट के यात्रियों के लिए प्रमुख साधन है। सप्ताह में तीन दिन संचालित होने वाली इस ट्रेन में अवकाश सीजन के कारण यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है। स्लीपर से लेकर एसी कोच तक सभी श्रेणियों में नो रूम की स्थिति बनी हुई है। तत्काल कोटा भी खुलते ही फुल हो रहा है।
सीट नहीं मिलने के कारण रोहतक और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली जाकर दूसरी ट्रेनों का सहारा लेना पड़ रहा है। कई यात्री नई दिल्ली से अन्य ट्रेनों में सीटें बुक करा रहे हैं। इससे उनका समय और पैसा दोनों अतिरिक्त खर्च हो रहा है। बुजुर्गों और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार रिमोट लोकेशन वेटिंग लिस्ट भी रोजाना 20 से अधिक चल रही है, लेकिन इसके कन्फर्म होने की संभावना काफी कम है। ऐसे में यात्री यात्रा से पहले वैकल्पिक ट्रेनों के विकल्प तलाश रहे हैं। रेलवे का कहना है कि 9 जुलाई के बाद ही सीटों की उपलब्धता में राहत की उम्मीद है।