माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर के सूर्य नगर में 53 साल के बुजुर्ग खुशीराम की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बेटे का आरोप है कि पड़ोसी परिवार की मारपीट के चलते दम तोड़ा है। इसके बावजूद केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। सोमवार को पीड़ित परिवार ने शव का अंतिम संस्कार नहीं किया बल्कि घर के अंदर फ्रीजर में रखा हुआ है। मंगलवार को एसपी से मिलकर न्याय की मांग करेंगे।
पुलिस को दी शिकायत में सूर्य नगर निवासी कृष्ण कश्यप ने बताया कि एक माह पहले उनकी मां का देहांत हो गया था। पिता खुशीराम घरों में रंग-रोगन कर परिवार चला रहे थे। एक सप्ताह पहले सूर्य नगर के एक मकान में रंग-रोगन करने गए थे। तबीयत ठीक न होने के कारण उनके पिता ने काम करने में असमर्थता जाहिर की और घर आ गए।
28 सितंबर को मकान मालिक घर आया और उनका सिलिंडर उठाकर ले गया। इतना ही नहीं, 4 अक्तूबर को जब उनके पिता गली से गुजर रहे थे तो उनके साथ आरोपियों ने मारपीट की। वह उनको पीजीआई में ले गए जहां उनकी मौत हो गई। सिटी थाना पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
गिरफ्तारी से पहले नहीं करेंगे अंतिम संस्कार
बेटे कृष्ण का कहना है कि पुलिस ने बयान तो दर्ज कर लिए लेकिन अभी हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। वह समाज के लोगों के साथ मेयर रामअवतार वाल्मीकि से मिले। मेयर ने एसएचओ से बात की। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई है, इसलिए शव घर के अंदर फ्रीजर में रखा है। मंगलवार को एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग करेंगे। गिरफ्तारी के बाद ही वह पिता का अंतिम संस्कार करेगा।
खुशीराम के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही, परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- इंस्पेक्टर रमेश कुमार, प्रभारी सिटी थाना