मुक्केबाजी के इतिहास में भारत की ओर से पहली बार कोई खिलाड़ी विश्व नंबर वन का टैग लेकर ओलंपिक रिंग में उतरेगा। यह खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि रोहतक के गांव मायना के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर अमित पंघाल हैं।
टोक्यो ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले रोहतक के मायना निवासी अमित पंघाल का 22 जुलाई को ड्रा होगा। 31 जुलाई को वे देश के लिए पदक पक्का करने के लिए मैच खेलेंगे। जानकारी देते हुए हरियाणा बॉक्सिंग फेडरेशन के प्रवक्ता एडवोकेट राजनारायण पंघाल ने बताया कि भारत के बॉक्सिंग इतिहास में यह पहला मौका है कि देश का कोई खिलाड़ी नंबर वन का टैग लेकर ओलंपिक रिंग में उतरेगा। अमित लगातार दो बार से विश्व का नंबर वन बॉक्सर है। वहीं, भारत की ओर से टॉप चार खिलाड़ियों में पंजाब की महिला खिलाड़ी का भी नाम शामिल है।
केंद्रीय खेल मंत्री बनते ही अनुराग ठाकुर ने अमित को नंबर वन बॉक्सर बनने पर दी थी बधाई
हाल ही में मोदी कैबिनेट में मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। जिसमें अनुराग ठाकुर को केंद्रीय खेल मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। खेल मंत्री बनने के बाद उन्होंने अपनी पहली ट्वीटर पोस्ट पर रोहतक के गांव मायना का जिक्र करते हुए अमित पंघाल को दुनिया का नंबर वन बॉक्सर बने रहने की शुभकामनाएं दी। साथ ही टोक्यो ओलंपिक के लिए भी शुभकामनाएं दी।