All the three accused, including the woman involved in the incident, were arrested, the seized car recovered.
रोहतक। गत दिनों सुखपुरा चौक के पास कार छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले महिला सहित तीन आरोपियों को सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वारदात में छीनी गई कार को बरामद कर लिया गया है। आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर एक आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
प्रभारी थाना शहर रोहतक निरीक्षक राकेश सैनी ने बताया कि गुलाब सिंह निवासी विजय नगर ने कार छीनने की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 9 अक्तूबर को गुलाब सिंह अपने दोस्त राजीव की गाड़ी ब्रेजा लेकर मुद्दाली गया था। वापस रोहतक आते समय सुखपुरा चौक गोहाना रोड पर पीडब्लयूडी कॉलोनी के पास गुलाब सिंह की कार दूसरी कार से टकरा गई। कार से 2 लड़के व एक लड़की उतरी जिन्होंने गुलाब सिंह के साथ हाथापाई की व उसका मोबाइल फोन व ब्रेजा कार छीनकर फरार हो गए। मामले की जांच एएसआई संदीप द्वारा अमल में लाई गई। जांच के दौरान 16 अक्तूबर को रवि निवासी बाबा बालकनाथ कॉलोनी, दीपक उर्फ मोनू निवासी हनुमान कॉलोनी व सोनम निवासी मकड़ौली खुर्द हाल भिवानी चुंगी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से वारदात में छीनी गई कार बरामद कर ली गई है। इसके साथ आरोपियों द्वारा प्रयोग की गई कार को भी बरामद किया गया है। जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी कलाकार है व जगह-जगह प्रोग्राम करते हैं। आरोपी रवि को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।