सांपला। सांपला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की जांच के लिए इंट्रीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब बनाई जाएगी। इस पर करीब 35 लाख रुपये खर्च होंगे। लैब के भवन का निर्माण चल रहा है। ऐसी सुविधा होने से मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा।
ओपीडी के पास ही लैब स्थापित की जा रही है। वर्तमान में कुछ जांच के लिए सीढ़ियां चढ़कर ऊपर जाना पड़ता है। कुछ मरीज ऐसे होते हैं जिन्हें सीढ़ी चढ़ने में परेशानी होती है। आने वाले दिनों में मरीजों की यह समस्या दूर हो जाएगी।
एकीकृत प्रयोगशाला में सभी जांच एक स्थान पर होने से मरीजों को राहत मिलेगी। लैब तैयार होने में दो महीने का समय लगेगा। सांपला अस्पताल में प्रतिदिन 300 से अधिक मरीज आते हैं।
अस्पताल की लैब का होगा विस्तार
लैब में टीबी समेत वायरस, बैक्टीरिया, कवक (फंगस) या परजीवियों जैसे संक्रामक से जुड़ी जरूरी जांचें होंगी। अस्पताल की पहले से संचालित लैब को विस्तारित किया जाएगा। मलेरिया, डायरिया, टीबी, मधुमेह, महिलाओं की जरूरी जांच की जाएगी।
वर्जन
मौसमी बीमारी में कई बार बड़ी संख्या में मरीजों की लैब में जांच करानी पड़ती है इसलिए अब मरीजों की सुविधा के लिए एक जगह पर इसकी व्यवस्था की जा रही है। -डॉ. रीटा गोयल, एसएसओ, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांपला।