कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता कैप्टन अजय यादव ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की तरह नहीं, व्यापारियों वाली बात करते हैं। ये किसी के साथ भद्दा मजाक कर सकते हैं। जब पार्टी में सम्मान न मिले तो ऐसी पार्टी में रहने का कोई मतलब नहीं बनता। कैप्टन अजय यादव ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि वे पार्टी की भीतरी राजनीति से हैरान हैं, इसलिए शनिवार को दिल्ली में अपना इस्तीफा पार्टी को सौंप देंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़ने के बाद वे घर बैठने वाले नहीं हैं, लेकिन किसी राजनीतिक पार्टी को ज्वाइन भी नहीं करेंगे। इस्तीफा देने के बाद मीडिया के समक्ष सारी बातें रखेंगे। अभी लोकसभा चुनाव में तीन साल बचे हैं, इसलिए अपने गैर राजनीतिक संगठन हरियाणा बचाओ संघर्ष समिति के लिए काम करेंगे। इस संगठन की साख पूरे प्रदेश में है, इसे और मजबूत बनाया जाएगा।
कांग्रेस के प्रति रोष जताते हुए कैप्टन अजय यादव ने कहा कि वे रेवाड़ी से छह बार विधायक रहे हैं। इसके अलावा 20 से अधिक विभागों के मंत्री रहे हैं। इसके बावजूद कांग्रेस में उन्हें उनके कद के हिसाब से सम्मान नहीं मिला। कैप्टन ने एक बार फिर दोहराया कि उन्होंने अपने जीवन में पूर्व सीएम भजनलाल का साथ छोड़कर सबसे बड़ा गलत कार्य किया था।