एआईपीएमटी पेपर लीक मामले में पुलिस रातोंरात गिरफ्तारियां कर रही है।
10 जून को सुप्रीम कोर्ट में रोहतक पुलिस को केस की स्टेटस रिपोर्ट पेश करनी है।
ऐसे में पुलिस तेजी से मास्टर माइंड रुप सिंह दांगी से पहुंचने की जुगत में है।
केस से जुड़े हर शख्स को पुलिस उठा रही है। शनिवार रात को पुलिस ने मामले में पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में दो युवतियां भी शामिल हैं।
दोनों लड़कियां मुरादाबाद की बताई जा रही हैं। दोनों लड़कियों को रविवार शाम को मजिस्ट्रेट आवास पर पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बोहर निवासी नवीन को भी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में सुनारिया जेल भेजा गया है। वहीं, गोहाना निवासी प्रवीण और विकास को दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है। प्रवीण और विकास शिक्षक हैं।
डीजीपी ने बनाई 10 स्पेशल टीम
सुप्रीम कोर्ट में 10 जून को होने वाली सुनवाई से पहले पुलिस इस मामले में ज्यादा से ज्यादा तथ्य जुटाने में लगी हुई है। इसी सुनवाई में पुलिस को स्टेटस रिपोर्ट पेश करनी है।
सूत्रों ने बताया डीजीपी यशपाल सिंघल ने चारों जोन में दस स्पेशल टीमों का गठन किया है। इन टीमों ने अलग अलग स्थानों पर रात भर छापेमारी की है। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने अभी तक की जांच को देखते हुए पिछली सुनवाई में रिजल्ट पर रोक लगा दी थी और पुलिस को तेजी से जांच के आदेश दिए थे। इसी के बाद पेपर लीक करने वाले गिरोह के सरगना रुप सिंह दांगी पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया।