संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा की ओर से 11 और 12 जुलाई को हरिद्वार में सावन पर्व का दो दिवसीय आयोजन किया जाएगा। इसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे।
अग्रवाल वैश्य समाज रेवाड़ी के जिलाध्यक्ष नवीन सिंघल ने बताया कि सावन के इस आयोजन की शुरुआत 11 जुलाई को सुबह 11 बजे होगी। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, समाज के लिए विशेष कार्य करने वाले पदाधिकारियों का सम्मान समारोह, गंगा स्नान एवं महाआरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला की अध्यक्षता में होने वाले इस आयोजन में 11 जुलाई को ऋषिकेश के विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल मुख्यातिथि होंगे।
समाजसेवी नवीन गोयल व राष्ट्रीय नवचेतना मंच के चेयरमैन विजय सोमाणी विशिष्ट अतिथि और सोनीपत के भाजपा जिला प्रभारी पंकज जैन स्वागताध्यक्ष होंगे। 12 जुलाई को जिला अधिकारी देहरादून सविन बंसल मुख्यातिथि और आयुक्त नगर निगम देहरादून नमामि बंसल विशिष्ट अतिथि सम्मिलित होंगी।
उन्होंने बताया की हरिद्वार स्थित श्रीराधाकृष्ण धाम के भव्य परिसर में संपन्न होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य वैश्य समाज को एक साथ जोड़ना, सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना तथा सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाना है।
इस मौके पर उन्होंने अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा के पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस सावन पर्व में सपरिवार सहभागी बनकर आयोजन की गरिमा को बढ़ाएं और इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं। यह आयोजन वैश्य समाज की समरसता, सहयोग व बंधुत्व के नए आयाम स्थापित करेगा।