संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। स्थानीय सेना भर्ती कार्यालय के भर्ती निदेशक कर्नल गौतम कुमार चौहान ने बताया कि 10 से 15 दिसंबर तक राजीव गांधी खेल स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न पदों के लिए भर्ती होगी।
कर्नल गौतम कुमार चौहान ने बताया कि इसमें अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क व स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन दसवीं पास व अग्निवीर ट्रेड्समैन आठवीं पास के पदों पर भर्ती आयोजित की जाएगी। सामान्य प्रवेश परीक्षा पास करने वाले व भर्ती रैली के लिए चुने गए उम्मीदवार 14 नवंबर से भर्ती रैली के लिए अपने यूजर नेम एवं पासवर्ड की सहायता से भारतीय सेना की वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड करें।
कर्नल गौतम कुमार चौहान ने बताया कि बाहर से आने वाले उम्मीदवार भर्ती रैली के दौरान ठहरने के लिए स्थानीय धर्मशाला से संपर्क कर सकते हैं जिनमें पुरी धाम धर्मशाला, जोरावर सिंह जैन धर्मशाला, राजपूत धर्मशाला (परमार), सैनी धर्मशाला, छोटूराम धर्मशाला एवं धोबी धर्मशाला शामिल हैं। उम्मीदवार सहायता के लिए 01262-253431 व 268568 के साथ हेल्पलाइन नंबर 89013-84498 पर संपर्क कर सकते हैं।