अग्निवीर भर्ती रैली में भाग लेते युवा। स्रोत: प्रशासन
रेवाड़ी। भिवानी के भीम स्टेडियम में बुधवार से अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हो गई। इसमें रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी और चरखी दादरी जिलों के ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण युवा हिस्सा ले रहे हैं। भर्ती रैली के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
सेना भर्ती कार्यालय, चरखी दादरी की ओर से चारों जिलों के 7,138 अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षण के लिए तिथिवार प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं। सुबह चार बजे से अभ्यर्थियों को अलग-अलग दलों में स्टेडियम में प्रवेश दिया गया। सेना के जवानों के साथ हरियाणा पुलिस के कर्मचारी भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।
अग्निवीर बनने के लिए अभ्यर्थियों को 1,600 मीटर दौड़, बीम, नौ फीट गड्ढा पार करने और जिग-जैग संतुलन जैसी शारीरिक दक्षता परीक्षाओं से गुजरना होगा। शारीरिक परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों को अगले दिन चिकित्सा जांच के लिए बुलाया जाएगा।
भर्ती में पहुंचे युवाओं ने कहा कि सेना में शामिल होकर देशसेवा करना उनका सपना है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया और दौड़ के लिए तैयार किए गए ट्रैक को बेहतर बताया।