शहर के बाहरी एरिया में कन्हेली गांव के पास सेक्टर 25 में एक 30 वर्षीय युवक का शव मिला है, जिसकी हत्या की गई है। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है, लेकिन शव की शनाख्त नहीं हो पा रही है।
इंस्पेक्टर बलवंत सिंह ने बताया कि कन्हेली गांव निवासी राजेंद्र ने बताया कि वह सुबह पशुओं को लेकर सेक्टर 25 के खाली मैदान में गया था। कच्चे रास्ते में एक युवक का शव पड़ा हुआ था। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी महेश कुमार व एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया ने जांच की। मृतक के चेहरे और गले पर चोट के निशान मिले हैं। ऐसा लग रहा था कि किसी ने युवक की गला दबाकर हत्या की और शव यहां पर फेंक दिया। क्योंकि मौके पर किसी वाहन के टायर के निशान भी मिले हैं।
जून माह में मिला चौथा शव, तीन की शनाख्त नहीं
जिला पुलिस को जून माह में कन्हेली के पास अब तक चार शव मिल चुके हैं। तीन की अभी तक शनाख्त नहीं हो सकी है। इससे पहले रिठाल गांव के पास एक महिला का शव नहर में मिला था, जो कहानौर गांव की पाई गई। रिठाल के पास ही जेएलएन में एक 32 वर्षीय महिला का शव मिला, जिसकी अभी तक शनाख्त नहीं हो सकी। डॉक्टरों ने विसरा जांच के लिए लैब में भेजा है। इसी रिठाल के पास एक 40 वर्षीय व्यक्ति का भी शव मिल चुका है, जिसकी शनाख्त नहीं हो सकी है।