सांपला। दिल्ली के मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने दिल्ली और पंजाब की तरह हरियाणा के लोगों को भी पांच गारंटी देने का वादा किया। उन्होंने अपने भाषण में मोदी सरकार को निशाने पर रखा। वे रविवार को सांपला की नई अनाज मंडी में बदलाव जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा षडयंत्र के तहत केजरीवाल को जेल में डालने की बात कही। उन्होंने कहा कि हरियाणा के बेटे के साथ जो अन्नाय किया गया है, आप लोगों को विधानसभा चुनाव में इसका बदला लेना होगा।
सुनीता ने पांच गारंटी गिनवाते हुए कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर घरेलू परिवारों को 24 घंटे मुफ्त बिजली दी जाएगी। बकाया बिजली बिल माफ होंगे और पावर कट नहीं लगेंगे। दूसरी गारंटी दिल्ली-पंजाब की तरह हर गांव-शहर मोहल्ले में क्लीनिक बनाए जाएंगे। सरकारी अस्पतालों की कायाकल्प की जाएगी। नए अस्पताल बनाए जाएंगे, इनमें पूरा इलाज मुफ्त में होगा। उन्होंने लोगों को से वादा किया कि प्रदेश में सरकार बनने पर सरकारी स्कूलों में सुधार होगा और अच्छी फ्री शिक्षा दी जाएगी, ताकि गरीबों के बच्चे भी उच्च शिक्षा ग्रहण कर सके। महिलाओं को प्रति महीना 1000 रुपये देने की भी बात कही। युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बीजेपी के 10 साल के शासन में जो काम नहीं हुए, आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही 6 महीने में दिल्ली व पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में में सभी काम करवाए जाएंगे। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा जिन युवाओं के हाथों में आज झंडा हैं, उनकी सरकार आते ही युवाओं के हाथों में रोजगार का सर्टिफिकेट होगा। प्रदेश सचिव जगबीर सिंह हुड्डा, जिला उपाध्यक्ष नवीन सांपला, दीपक कुमार, प्रवीण घुसकानी, नवीन समेत कई लोगों ने भी अपने विचार रखे। दिल्ली के मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता का कार्यकर्ताओं द्वारा सर छोटूराम की प्रतिमा देखकर सम्मान भी किया गया।