कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय ने आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं। निदेशालय के निर्देशानुसार आईटीआई में प्रवेश के लिए विद्यार्थी 7 जून से पंजीकरण व आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 21 जून तय की गई है। फिलहाल निदेशालय ने सीटों का ब्योरा जारी नहीं किया है। सीटें एक-दो दिन में जारी होने की उम्मीद है।
राजकीय आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सैनिक परिवार भवन रोहतक में शुक्रवार से विद्यार्थी प्रवेश के लिए पंजीकरण कर आवेदन जमा करा सकते हैं। इसमें वह अपनी पसंद का संस्थान व कोर्स भर सकता है। सीटों की जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है। इसके लिए निदेशालय के निर्देश का इंतजार है। प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाने व विद्यार्थियों की मदद के लिए संस्थान में हेल्प डेस्क लगाए जाएंगे।
इसके अलावा संस्थान में विद्यार्थियों के लिए एनसीसी समेत अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। सैन्य सेवाओं में जाने के इच्छुक युवाओं के एनसीसी में चयन के लिए शारीरिक मापदंड व परीक्षा ली जाएगी। यहां भी मेरिट आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। विद्यार्थी सुबह नौ से शाम पांच बजे तक दाखिला संबंधी जानकारी लेने के लिए संस्थान में दौरा कर सकते हैं।
इन सीटों के लिए कर सकते हैं आवेदन
आईटीआई में प्रवेश के लिए कोर्स जारी कर दिए हैं। इसमें इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन, शीट मेटल, टेक्नीशियन पावर इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम, फूड प्रोडक्शन, कैटरिंग एवं हॉस्पिटैलिटी, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, प्लंबर, स्टेनो हिंदी, स्टेनो अंग्रेजी, कोपा, हेल्थ सेनेटरी इंस्पेक्टर, फिजियोथैरेपी टेक्नीशियन, ड्राफ्ट्समैन सिविल, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक एवं रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग व्यवसाय शामिल हैं। इनकी सीटों का ब्योरा जल्द जारी किया जाएगा।
आईटीआई में शुक्रवार से प्रवेश के लिए पंजीकरण व आवेदन किया जा सकता है। आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून तय की गई है। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी। इसमें मेरिट और कोर्स संबंधी जानकारी विद्यार्थी को सीधे मोबाइल पर संदेश के जरिए भेजी जाएगी।
- रविंद्र चहल, प्रधानाचार्य, आदर्श आईटीआई