रोहतक। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि एलपीजी गैस, पेट्रोल व डीजल की उपलब्धता को लेकर सरकार व जिला प्रशासन सतर्क है। जिले में सभी प्रकार के ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है। ईंधन की सप्लाई चेन सामान्य है इसलिए उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में 35 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। वीरवार को एलपीजी गैस सिलिंडरों का कुल स्टॉक 7645 व सप्लाई 6207 सिलिंडरों की हुई। उपभोक्ताओं को 7655 सिलिंडर वितरित किए गए।
अब तक कुल 105 सिलिंडर जब्त किए जा चुके हैं। जिले में 173 पेट्रोल पंप संचालित हैं। यहां सप्ताह भर के लिए डीजल व पेट्रोल का पर्याप्त भंडार है। उपभोक्ता घबराहट में गैस सिलिंडर, पेट्रोल या डीजल की अनावश्यक खरीदारी न करें।
शरारती तत्व ईंधन की कमी को लेकर अफवाह फैलाता है। जमाखोरी करता है या ब्लैक मार्केटिंग में संलिप्त पाया जाता है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक अधिकारी लगातार इंडियन ऑयल, एचपीसीएल व बीपीसीएल जैसी तेल कंपनियों के संपर्क में हैं। आपूर्ति की नियमित निगरानी कर रहे हैं।
पेट्रोल पंपों व गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। सप्लाई चेन व उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए दो नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। खंडों में अधिकारी फील्ड में कार्यरत हैं।
उपायुक्त ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कॉमर्शियल सिलिंडर भी पर्याप्त हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। किसी को ईंधन आपूर्ति में कोई समस्या आती है, तो वह हेल्पलाइन नंबर 01262-269895 या मोबाइल नंबर 8950127117 पर संपर्क कर सकता है।
रोहतक व सांपला क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अशोक कुमार (मो. 9416283975) व महम, कलानौर व लाखनमाजरा क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी कुसुमलता (मो. 9518175506) को नोडल अधिकारी बनाया गया है।