रोहतक। पुलिस ने रिश्तेदार बनकर 3.20 लाख रुपये की ठगी के आरोप में बिहार निवासी अभ्यानंद को गिरफ्तार किया है।
वीरवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने अपना बैंक खाता कमीशन पर दिया हुआ था। साइबर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि ओल्ड हाउसिंग बोर्ड रोहतक निवासी सतीश चंद की मार्च माह में शिकायत दी थी कि उसके पास एक कॉल आया जिसने अपने आपको दोस्त सज्जन का रिश्तेदार बताया जो नीदरलैंड में रहता है।
युवक ने कहा कि वह 4.50 लाख रुपये भेज रहा है। वापस आकर ले लेगा। थोड़ी देर बाद फोन आया कि उसका एक एजेंट है, जिसे तत्काल 3.20 लाख रुपये चाहिए। विश्वास करके सतीश ने पैसे भेज दिए। मामले की जांच में पता चला कि बिहार का एक गिरोह पूरी वारदात अंजाम दे रहा है। पुलिस बिहार पहुंची और गिरोह के सदस्य अभ्यानंद को दो दिन के राहदारी रिमांड पर लेकर आई।