रोहतक। भालौठ के शराब ठेके पर फायरिंग के आरोपी भालौठ गांव निवासी विकास उर्फ नारद व सूरज दहकोरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को सीआईए द्वितीय की टीम ने अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
26 मई को रुड़की गांव निवासी रोहित ने आईएमटी थाने में शिकायत दी थी कि भालौठ गांव में उसने शराब का ठेका ले रखा है, इसकी अवधि 11 जून 2025 तक है। रविवार रात को भालौठ गांव निवासी विकास उर्फ नारद शराब खरीदने आया।
उसने सेल्समैन से कहा कि उसके गांव का शराब का ठेका वह लेगा। अगर किसी ने शराब का ठेका लिया तो जान से मार देंगे। सोमवार तड़के 4 बजकर 37 मिनट पर विकास ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठेके पर फायरिंग शुरू कर दी।
ठेके पर 13 गोलियां चलाई गई, जो शटर को चीरते हुए अंदर शीशे में लगी। फ्रिज का शीशा भी टूट गया। हालांकि सेल्समैन दीपक बाल-बाल बच गया। इसके बाद से आरोपी फरार थे। सीआईए द्वितीय ने अब विकास उर्फ नारद व सूरज दहकोरा को गिरफ्तार किया है। बाकी दो आरोपी फरार हैं।
इंस्टाग्राम पर फिर डाला वीडियो, बोला- प्रशासन से बड़ा गुंडा नहीं
26 मई को फायरिंग के बाद आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर धमकी दी थी कि किसी ने ठेका लेने के लिए फार्म भरा तो इतनी गोलियां मारेंगे कि समझ नहीं आएगा। अब एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है, जिसमें एक युवक कह रहा है कि वे दो साथी हरिद्वार में हैं। उनके पास खाने के पैसे तक नहीं हैं। प्रशासन से बड़ा कोई गुंडा नहीं है। उनसे गोली चलाने की गलती हो गई है।
-
आरोपी विकास उर्फ नारद व सूरज दहकोरा को गिरफ्तार कर दो जून तक रिमांड पर लिया है, ताकि फरार आरोपियों को काबू किया जा सके। वायरल वीडियो गिरफ्तारी से पहले की बताई जा रही है।
सतीश कादयान, प्रभारी सीआईए द्वितीय