महम। आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष दिनेश अहलावत को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी के संगठन मंत्री प्रवीण प्रभाकर गौड़ ने जारी प्रेस बयान में कहा कि दिनेश अहलावत पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप लगे हैं। उन्हें तुरंत प्रभाव से 6 साल के लिए निष्कासित किया गया है।
इस बारे में दिनेश अहलावत का कहना है कि उन्होंने 11 साल तक पार्टी की सेवा की है। जब पार्टी का कोई वजूद नहीं था तब पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर कार्य किया। वे महम नगरपालिका चेयरमैन पद के लिए सीमा रानी को टिकट दिलाना चाहते थे। पार्टी ने उनकी राय दरकिनार कर रविना को टिकट थमा दी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से नाराजगी जाहिर की थी। टिकट बदले जाने के बाद महम में पत्रकार वार्ता करने पर पार्टी नेता अशोक तंवर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी से निष्कासित करवाने में उनका हाथ है। इसे लेकर वे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करेंगे।