दरवाजा मोहल्ला में दहेज की मांग के चलते ससुराल के लोगों ने शादी के 11 साल बाद महिला को पीट-पीट कर हत्या कर दी। मायके पक्ष के आरोपों के अनुसार आरोपी ससुराल जनों ने महिला को पहले पीटा, फिर उसका गला घोंटा व आखिर में उसे चुन्नी से पंखे पर फंदे से लटका दिया। मायके पक्ष के लोगों की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने आरोपी पति, सास, पति की दो भांजियों और दो अन्यों पर हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर शव का पंचनामा भरवा कर पीजीआई के शवगृह में रखवा दिया गया है। जिसका शनिवार को पोस्टमार्टम होगा। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
गोकर्ण चौकी पुलिस को दी शिकायत में ऊषा निवासी महम ने बताया कि वह पांच बच्चों की मां है। जिसमें उसकी लड़की मीनाक्षी की शादी 2009 में संजय निवासी वार्ड तीन दरवाजा मोहल्ला से हुई थी। शादी के बाद से दंपती को दो बेटे 9 साल का अंशु व 7 साल का यूवी है। मां का कहना है कि शादी के बाद से ससुराल के लोग मीनाक्षी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। दहेज के लिए वह मीनाक्षी के साथ मारपीट भी करते थे। 30 अप्रैल को मीनाक्षी ने मां को रात को 9 बजे फोनकर बताया कि उसके साथ संजय, सास रोशनी व संजय की दोनों भांजी ने उसके साथ खूब मारपीट की है। जिस पर मां ने कहा कि वह जल्दी ही पुलिस स्टेशन पहुंच जाए और इनकी शिकायत दे दे। लेकिन रात करीब डेढ़ बजे संजय ने मीनाक्षी की मां को फोन कर बताया कि मीनाक्षी की मौत हो गई है। सूचना मिलने पर परिजन तुरंत बेटी की ससुराल पहुंचे। जहां पहुंच कर देखा कि मीनाक्षी कमरे में चुन्नी से पंखे से लटकी हुई है। उसके शरीर पर काफी मारपीट के निशान थे। मां ने आरोप लगाए है कि उसकी बेटी को उक्त आरोपियों ने फांसी देकर मारा है, क्योंकि आरोपियों की अपाचे बाइक की मांग थी। साथ ही आरोपी रुपये भी मांग थे। मां के अनुुसार उन्होंने संजय को 50 हजार रुपये भी दे दिए थे। मां ने आरोप लगाया है कि मीनाक्षी को मारने में संजय के 2 दोस्त भी शामिल है, जिनका उसे नाम पता मालूम नहीं है।