सोनीपत। गांव सलीमसर माजरा में पांच दिन पहले जहर खाकर अपनी ससुराल पहुंचे व्यक्ति ने आर्थिक तंगी और पत्नी से झगड़े के चलते अपनी दो बेटियों और एक बेटे की जिंदा नहर में फेंककर हत्या कर दी थी।
ननिहाल में प्रॉपर्टी विवाद और दुकान में चोरी के बाद आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार में दंपती के बीच अक्सर झगड़ा होता था। पत्नी के मायके में शादी समारोह से लौटने के बाद आरोपी अपने गांव थरिया जाने के बजाय तीन बच्चों संग बाइक पर पानीपत के गांव ढोढ़पुर पहुंचा था और वहां पश्चिमी यमुना लिंक नहर में बच्चों को फेंक दिया था। वह खुद भी नहर में कूदा था, लेकिन बाद में बाहर आ गया। सदर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है।
गांव थरिया निवासी मुस्ताक 23 नंवबर से अपने 13 वर्षीय बेटे सोहिल, 11 वर्षीय बेटी साइना और तीन वर्षीय बेटी सुहानी के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। पत्नी समीना ने सदर थाने में शिकायत देकर अज्ञात पर चारों को बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया था। बाद में 9 दिसंबर को मुस्ताक जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी ससुराल गांव सलीमसर माजरा में पहुंचा था। वहां उसने पत्नी को बताया था कि उसने तीनों बच्चों को मार दिया है और खुद भी जहर निगल रखा है। वहां उनमें झगड़ा भी हुआ था।
बाद में हालत बिगड़ने पर उसे सामान्य अस्पताल में पहुंचाया गया था, जहां से उसे महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने वारदात को अंजाम देना कुबूल किया, जिस पर पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने तीनों बच्चों की हत्या कर दी है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 23 नवंबर को ससुराल से आने के बाद घर जाने के बजाय बाइक पर बच्चों संग पानीपत के गांव ढोढ़पुर पहुंच गया था। वहां पर उसने तीनों बच्चों को नहर में फेंक दिया था और खुद भी कूद गया था। हालांकि बाद में वह बाहर गया था। पुलिस जांच में पता लगा कि 9 दिसंबर को दिल्ली पुलिस ने हैदरपुर हेड से दो बच्चों के शव बरामद किए हैं, जिस पर पुलिस समीना को लेकर दिल्ली गई तो उसने शवों की पहचान बड़े बेटे सोहिल और बेटी साइना के रूप में हुई है। सुहानी का सुराग नहीं लग सका है। दिल्ली पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी मुस्ताक को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने रिमांड पर लेने के बाद पानीपत के समालखा के पास से आरोपी की बाइक, मोबाइल और शॉल भी बरामद कर ली है।
आरोपी से पूछताछ की जा रही है
पांच दिन पहले जहर खाकर पहुंचे आरोपी ने तीन बच्चों की हत्या करने की बात कबूल की थी, जिस पर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने प्रॉपर्टी विवाद और आर्थिक तंगी में पत्नी से झगड़े के कारण परेशान होकर वारदात को अंजाम देना कुबूल किया है। दो बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं। तीसरे बच्चे के शव की तलाश जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
-मंदीप सिंह, थाना प्रभारी सदर सोनीपत।