रोहतक। शहर के गांधी कैंप के व्यक्ति से ऑनलाइन ट्रेड में निवेश का झांसा देकर साइबर ठग गिरोह ने 14 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने शक होने पर साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला आश्रम रोड गांधी कैंप निवासी गुरमुख सिंह ने बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर सितंबर 2025 में एक महिला की कॉल आई। खुद को मीरा कपूर बताकर बोली कि उसकी बंगलूरू में कपड़ों की फैक्टरी है व सामाजिक कार्यों में शामिल रहती है।
पांच अक्तूबर को उसने एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफाॅर्म का स्क्रीनशॉट भेजा। कहा कि प्लेटफाॅर्म के माध्यम से निवेश करके अच्छा मुनाफा कमा रही है। बोली यूएसए की कंपनी के एक्सपर्ट कारोबार की टिप्स देते हैं।
विश्वास करके उसने अलग-अलग समय पर करीब 14 लाख रुपये निवेश कर दिए। जब पैसे निकालने लगा तो कहा गया कि आपको 13,43,850 रुपये मार्जन मनी के तौर पर जमा कराने होंगे।
ऐसा नहीं करने पर आपके खिलाफ जांच होगी और साथ में जुर्माना लगेगा। उसने शक होने पर अपने सहयोगी से सहायता मांगी तो उसने बताया कि फर्जीवाड़ा हुआ है।