संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। स्टेशन पर वैश्य कॉलेज रोड की ओर से आवागमन करने वाले दूसरे फुटओवर ब्रिज को खोल दिया गया है। वैश्य शिक्षण संस्था, जनता कॉलोनी व विभिन्न स्थानों से आने वाले लोग ब्रिज से आवागमन कर सकते हैं। रेलवे ने फुटओवर ब्रिज तो चालू कर दिया लेकिन देर रात वैश्य कॉलेज रोड पर लाइटें न होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, फुटओवर ब्रिज प्रवेश द्वार की ओर सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध नहीं हैं। उत्तर रेलवे की ओर से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर नवीनीकरण किया जा रहा है। इसमें स्टेशन के फुटओवर ब्रिज का भी सुधारीकरण किया जाना है। स्टेशन पर जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) थाने के निकट से वैश्य कॉलेज रोड फुटओवर ब्रिज को सुधारने के लिए अगस्त में तोड़ा गया था।
इसके बाद रेलवे की ओर से चार माह तक कोई काम नहीं किया गया। साथ ही, यहां से आवागमन करने के लिए कोई प्रबंध नहीं किया। स्टेशन पर प्रतीक्षा कक्ष के पास से प्लेटफाॅर्म दो तक बने पुल को वैश्य कॉलेज रोड तक भी बनाया और इसे भी चालू नहीं किया गया।
अब तीन दिन पहले रेलवे की ओर से खोले गए फुटओवर ब्रिज के लिए वैश्य कॉलेज रोड पर लाइटें व सुरक्षा के इंतजार नहीं हैं। इस समस्या को अमर उजाला में 8 दिसंबर के अंक में प्रकाशित किया गया था।
10...फुटओवर ब्रिज की समस्या को लेकर अमर उजाला में 8 दिसंबर को प्रकाशित खबर।