माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। नई अनाज मंडी स्थित पार्क में शनिवार सुबह सैर कर रहे बिहार निवासी सुरेंद्र यादव (45) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सात साल से बाबा लक्ष्मणपुरी डेरे पर रसोइये के तौर पर काम कर रहे सुरेंद्र का दोपहर बाद जींद रोड स्थित श्मशान में अंतिम संस्कार किया गया। दोस्त विजेंद्र के बेटे मोहित ने चाचा वीरेंद्र के साथ मिलकर मुखाग्नि दी।
नेहरू कॉलोनी निवासी वीरेंद्र यादव ने बताया कि उनका परिवार 40 साल पहले बिहार के खगड़िया से आया था। उनके बड़े भाई सुरेंद्र यादव ने शादी नहीं की थी। पहले हिसार रोड स्थित कंपनी में नौकरी की।
सुबह घूमने के लिए नई अनाज मंडी पार्क में गए थे लेकिन वापस नहीं आए। कई बार उन्हें कॉल की लेकिन जवाब नहीं आया। नई अनाज मंडी चौकी पुलिस का फोन आया कि जिस व्यक्ति का मोबाइल है, उनकी पार्क में मौत हो गई है। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
भाई वीरेंद्र ने बताया कि सुरेंद्र यादव को पहले भी हार्ट की दिक्कत थी। डॉक्टरों ने दो छल्ले भी डाले थे। अब आशंका है कि सैर करते समय अटैक आया है। शरीर पर कहीं चोट का निशान नहीं है। डॉक्टरों ने विसरा जांच के लिए भेजा है।
पांच साल की उम्र में लिया था गोद
पीजीआई डेड हाउस पहुंचे मोहित ने बताया कि सुरेंद्र यादव उनके पिता विजेंद्र के दोस्त थे। उन्होंने शादी नहीं की थी और उन्हें ही बिना कानूनी प्रक्रिया के गोद ले लिया था। मेरा पिता की तरह पालन-पोषण करते थे। मोहित का कहना है कि उन्होंने आठवीं तक पढ़ाई की है। अब आगे और पढ़ाई करूंगा।
सुरेंद्र यादव की मौत हार्ट अटैक होने से बताई गई है। डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के बाद विसरा जांच के लिए लैब में भेजा है। शव का अंतिम संस्कार जींद रोड स्थित श्मशान में किया गया है।
- एएसआई निकेश अहलावत, प्रभारी नई अनाज मंडी चौकी