रोहतक। आशा कार्यकर्ता यूनियन हरियाणा की राज्य कमेटी की बैठक सोमवार को दोपहर 2 बजे एनएचएम हरियाणा डायरेक्टर डॉ. विरेंद्र यादव के साथ संपन्न हुई। इसमें आशा कार्यकर्ताओं की मांगों पर सहमति बनी। इस दौरान यूनियन की महासचिव मधु देवी, सहसचिव संतोष यादव, राजबाला यादव व अनिता उपस्थित रहे।
इसमें 15 बिंदुओं पर बातचीत के दौरान आशा वर्कर व आशा फैसिलिटेटर के लंबित प्रमुख मुद्दों को उठाया गया। सीएचसी व सामान्य अस्पताल में सपोर्टिंग स्टाफ की व्यवस्था करने, जेएसवाई फंड के भुगतान में आ रही बाधाओं को दूर करने, ऑनलाइन कार्य करते समय आने वाली दिक्कतों का समाधान करने, किए गए कार्यों का समय पर भुगतान करने, इंसेंटिव पर सहायता राशि बढ़ाने पर विचार करने, आशा वर्करों से अन्य कार्यों पर रोक लगाने, तीन माह का बकाया इंसेंटिव शीघ्र डालने, रिटायरमेंट पर सहायता राशि बढ़ाने पर सहमति बनी।
मातृत्व अवकाश लागू करने पर सहमति बनी। मॉड्यूल ट्रेनिंग लागू करने पर व ऑनलाइन कार्य करने की ट्रेनिंग देने पर भी सहमति बनी। नीतिगत मांगों पर विभाग सरकार से 14 फरवरी से 26 फरवरी के दौरान चर्चा करेगा।