संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। प्रदेश के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान पीजीआईएमएस के ऑन्कोलॉजी विभाग ने इंदौर निवासी कैंसर मरीज का साढ़े 15 घंटे तक लंबा ऑपरेशन चला। मरीज के नीचे के जबड़े और जीभ के पास के हिस्से में गंभीर रूप से कैंसर था। ऑपरेशन के दौरान मरीज के जबड़े के आधे भाग और जीभ के लगभग एक तिहाई भाग से कैंसरग्रस्त ऊतकों को हटाया गया। गर्दन की लसीका ग्रंथियों की सफाई भी की गई। अब एक सप्ताह तक मरीज को नाक के रास्ते ट्यूब की सहायता से भोजन दिया जाएगा।
ऑपरेशन में मरीज के पैर की हड्डी, मांसपेशियों व त्वचा के हिस्से लेकर जबड़े लगाए गए व जोड़ दिया गया। इस प्रक्रिया में गर्दन की अत्यंत सूक्ष्म रक्त वाहिनियों को जोड़ा गया। यह ऑपरेशन सुबह 9 बजे शुरू होकर देर रात लगभग साढ़े 12 बजे तक चला। ऑपरेशन के सफल होने के बाद मरीज को एक रात के लिए गहन चिकित्सा कक्ष में वेंटिलेटर पर रखा गया। इसके बाद मरीज को वार्ड संख्या आठ में स्थानांतरित कर दिया गया।
-
टीम में ये डॉक्टर रहे शामिल
डॉ. संजीव प्रसाद, विभागाध्यक्ष, कैंसर शल्य रोग विभाग
डॉ. सुशील कुमार, कैंसर शल्य रोग विशेषज्ञ
डॉ. वीरेंद्र सिंह, मुख एवं जबड़ा शल्य रोग विशेषज्ञ
डॉ. कुलदीप सिंह व डॉ. अभिषेक, प्लास्टिक एवं पुनर्निर्माण शल्य विभाग
डॉ. रितु वर्मा, एनेस्थीसिया विभाग
इंदौर निवासी मरीज के निचले जबड़े का एक तिहाई हिस्सा कैंसर से प्रभावित था। सफल ऑपरेशन में डॉक्टरों की पूरी टीम का सहयोग रहा। मरीज के पैर की हड्डी निकालकर जबड़े में लगाई गई। जबड़े में हड्डी को सहारा देने के लिए पैर की हड्डी के पास की दो नसें भी ली गईं। इनको भी जबड़े में लगाया गया।
- डॉ. संजीव प्रसाद, विभागाध्यक्ष, कैंसर शल्य रोग विभाग