डबवाली (सिरसा)। राजस्थान के एक शाही घराने का स्वर्ण आभूषण बताकर तीन ठग एक दुकानदार से दो लाख रुपये ठगकर उसे डेढ़ किलो पीतल सौंपकर फरार हो गए। बुधवार को दुकानदार ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी।
वाल्मीकि चौक के निकट अनिल कुमार लकड़ी के सामान की दुकान करता है। पिछले वीरवार को उसके पास दो युवक आए। दोनों ने अपनी पहचान राजस्थान के गांव जाटांवाली चामां निवासी शुभम और कान्हा बताई। शुक्रवार को वे दोबारा उसके पास आए और सोना गिरवी रखकर रुपये मांगने लगे। साथ आई महिला ने बताया कि उन्हें खुदाई के समय स्वर्ण आभूषण से भरा एक घड़ा मिला था। उन्होंने अनिल को एक अशरफी और सोने का एक मनका दिया। अनिल ने मनके को स्वर्णकार से चेक करवाया तो वह सोने का निकला।
अगले दिन तीनों सोना गिरवी रखने की बात कहकर राजस्थान के एक शाही घराने के आभूषण बताकर डेढ़ किलो की थैली अनिल को पकड़ा दी। तीनों ने अनिल से दो लाख रुपये ले लिए। सोमवार को अनिल सोना के नाम पर ठगी का समाचार पढ़कर थैली को लेकर स्वर्णकार के पास चला गया। वहां वह आभूषण पीतल का निकला। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले भी इसी प्रकार नकली जेवरों को सोने के बताकर ठगी का मामला सामने आया था। थाना पुलिस प्रभारी भारतेंद्र कुमार ढिल्लों ने बताया कि शिकायत आई है। मामले की जांच की जा रही है।