रोहतक। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गिरावड़ के तीन छात्रों का चयन छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में होने वाले 59वीं अंडर-19 नेशनल स्कूल गेम्स की सॉफ्टबॉल कैटेगरी के लिए किया गया है। इन छात्रों में से राजकुमार हुड्डा को हरियाणा सॉफ्टबॉल टीम का कप्तान बनाया गया है। हुड्डा के अलावा स्कूल दो अन्य छात्र नवीन बल्हारा और संदीप टीम के साथ रविवार को छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो गये।
24 दिसंबर से शुरू होने वाली यह राष्ट्रीय स्पर्धा 28 दिसंबर तक चलेगी। स्कूल के पीटीआई जोगेंद्र कुमार ने बताया कि राजकुमार, नवीन, संदीप का चयन गत सितंबर में हुए राज्यस्तरीय स्कूल खेलों में किये गये शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। उन्होंने बताया कि अपने आयु वर्ग में राजकुमार हुड्डा का न केवल राष्ट्र, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन रहा है। स्कूल प्राचार्य जितेंद्र गौड़ ने उम्मीद जताई कि वह छत्तीसगढ़ में होने वाले राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।