रोहतक। विकास शुल्क के विरोध में नागरिक मंच के बैनर तले नागरिक महापंचायत ने विधायक बीबी बतरा के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार व नगर निगम के आला अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तहसीलदार ने मौके पर प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया। प्रदर्शनकारियों ने चार दिसंबर को नगर निगम कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया है।
रविवार को नागरिक मंच के बैनर तले नागरिक महापंचायत के सदस्य छोटूराम पार्क में एकत्रित हुए। मंच के सह संयोजक विनोद देशवाल ने कहा कि रोहतक शहर की 104 कालोनियों पर 120 रुपये प्रति गज व 410 रुपये प्रति गज के हिसाब से लगाया गया विकास शुल्क पूरी तरह गलत है। विकास शुल्क के खिलाफ शहरवासियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि नियमित करते वक्त कालोनी वासियों से 200 रुपये प्रति मीटर रेगुलराइजेशन फीस ली जा चुकी है। पानी, सीवरेज के लिए पहले से ही शुल्क दिया जा रहा है। लोग प्रॉपर्टी टैक्स भी भर रहे हैं, फिर विकास शुल्क के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों को मेजर मेहर सिंह, पूनम, ओमप्रकाश सिवाच, निगम पार्षद सूरजमल रोज, प्रीत सिंह, शमशेर सिंह, सतबीर, ईश्वर, सुमित, प्रो. आत्मानंद, नरेश कुमार बलवान, संदीप सिंह, कर्मबीर अहलावत, जसवंत, नरेंद्र छिल्लर, एडवोकेट सुनील नांदल, बलजीत पंडित, मास्टर इंद्र सिंह, मेहर सिंह पांचाल और प्रकाशचंद्र आदि ने संबोधित किया।