रोहतक। संापला थाना के अंतर्गत गांव रुड़की में हुए दीपक हत्याकांड की जांच सांपला पुलिस के साथ-साथ अपराध जांच शाखा को भी सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है। पुलिस ने इस मामले में सोमवार को चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, परंतु हमलावरों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली ।
शनिवार देर रात गांव रुड़की निवासी दीपक की गांव के ही गणेश व गांव बुटाना निवासी मोनू ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जांच में पता चला कि दस नवंबर को दीपक और गणेश के बीच रैली में जाते वक्त किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसी का बदला लेने के लिए दोनों ने योजनाबद्ध तरीके से दीपक की हत्या की है। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के भाई के बयान पर मामला दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक ने सांपला थाना प्रभारी से पूरे मामले की स्टेटस रिपोर्ट ली और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में पता किया। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच अपराध जांच शाखा को भी करने को कहा है। अपराध जांच शाखा की एक टीम ने गांव बुटाना व रुडकी में आरोपी के घर पर दबिश दी। साथ ही पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया, परंतु हमलावरों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला। सांपला थाना प्रभारी हरिराम ने बताया कि हमलावरों के बारे में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की तीन टीमें अलग-अलग स्थानों पर भेजी गई है।