रोहतक। राजीव गांधी खेल परिसर में 26 नवंबर को स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा मेमोरियल पहली अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता-भारत केसरी का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेता पहलवान को 21 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले पहलवान को 11 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले पहलवान को 5 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक मुकाबले के विजेता पहलवान को भी नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा विजेता पहलवानों को पुरस्कार वितरित करेंगे और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
बुधवार को जिला उपायुक्त डॉ. अमित कुमार अग्रवाल व एसपी राजेश दुग्गल ने आला अधिकारियों के साथ स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। तैयारियों को लेकर हुई बैठक में कार्यक्रम के दौरान किए जाने वाले कामों के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आम लोगों की वाहन पार्किंग सनसिटी के पास खाली मैदान में की गई है। प्रतियोगिता के दौरान राजीव गांधी खेल परिसर में बडे़ आकार की एलईडी भी लगाई जाएगी, जिससे दूर बैठे दर्शक भी कुश्ती मुकाबलों का भरपूर आनंद ले पाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी पहलवानों का 25 नवंबर को सायं 3 बजे से 5 बजे तक राजीव गांधी खेल परिसर में वजन किया जाएगा। बैठक में विधायक आनंद सिंह दांगी, शकुंतला खटक, मुख्यमंत्री के सहायक राजनीतिक सलाहकार जेके मल्होत्रा, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण केे अध्यक्ष जयदीप धनखड़, निगम की मेयर रेणु डाबला और हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन से सुरेंद्र दांगी आदि उपस्थित रहे।