रोहतक। लाखनमाजरा थाना के अंतर्गत गांव निडाना के पास पुलिस को एक बिजली कर्मचारी सूबे सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ मिला है। निडाना निवासी सूबे सिंह गांव बहुअकबरपुर में तैनात था और ड्यूटी करने के बाद घर नहीं पहुंचा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह खेतों से लौटते वक्त ग्रामीणों ने एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ देखा। शव पड़ा होने की खबर गांव में तेजी से फैली और काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। मृतक की जेब से मिले कागजातों के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई।