रोहतक। डीवाईएफआई के प्रदेशाध्यक्ष संदीप सिंह ने कहा कि 65 हजार पदों पर भर्ती की घोषणा कर हरियाणा सरकार पीटीआई भर्ती समेत अनेक नौकरियों में हुए फर्जीवाड़े व भ्रष्टाचार को छिपाने की कोशिश कर रही है। एसएफआई और डीवाईएफआई भ्रष्ट सरकार की इस भ्रामक घोषणा के खिलाफ और सभी रिक्त पदों पर तय समय में स्थायी व पारदर्शी ढंग से भर्तियां करवाने के लिए आंदोलन करेगी।
वे बुधवार को जसबीर स्मारक में आयोजित एसएफआई और डीवाईएफआई के कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक को बोल रहे थे।
एसएफआई के प्रदेश सचिव मनोज कुमार ने कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के प्रमुख नंदलाल पूनिया को पद से हटाकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाए व सभी मामलों की न्यायिक जांच करवाकर सख्त कदम उठाए। दूसरे, सरकारी विभागों में पहले से ही कार्यरत लगभग 1.50 लाख कच्चे कर्मचारियों को पक्का करें। बैठक को नौजवान सभा के प्रदेश सह-सचिव विनोद देशवाल ने भी संबोधित किया। बैठक में सुमित, सोनू कुमार, गीता, जगबीर, राजेश, मोनिका, सोनिया, सूरज, राहुल हुड्डा और मोनू आदि ने भाग लिया।