रोहतक। रुड़की स्थित स्वर्गीय चौधरी रणबीर सिंह मेमोरियल मुक्केबाजी नर्सरी की लड़कियों ने लगातार दूसरी राज्यस्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। मुक्केबाजी नर्सरी की लड़कियों ने हिसार में संपन्न हुई 48वीं हरियाणा राज्य स्कूल खेल प्रतियोगिता की मुक्केबाजी स्पर्धा में 11 पदकों पर कब्जा किया है।
वीरवार को पदक जीतकर जिला का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ियों का रोहतक पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। पदक जीतने वाली लड़कियों में छह प्रतिभागी रुड़की और पांच प्रतिभागी रिठाल गांव की निवासी हैं। प्रतियोगिता में जिला की लड़कियों ने चार स्वर्ण व चार रजत और तीन कांस्य पदकों पर कब्जा किया है। प्रतियोगिता में हिसार की टीम 19 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर और पानीपत की टीम 15 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में रुड़की गांव की ज्योति, आरती, मोनिका व रिठाल गांव की प्रियंका ने स्वर्ण हासिल किया। इसी प्रकार रिठाल गांव की मंजू, शिक्षा, सुजाता व रुड़की गांव की अंजलि ने रजत पदक पर कब्जा किया। रुड़की गांव की ही ममता, रीना व रिठाल गांव की कीर्ति ने कांस्य पदक हासिल किया है। विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा ने कहा कि अब प्रदेश के युवाओं का रुझान खेलों की ओर बढ़ता जा रहा है।