रोहतक। महम उपमंडल के गांव भैंणी महाराजपुर के पास कार और टाटा-407 के बीच हुई टक्कर में कार सवार एक युवक की मौत हो गई तथा तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस संबंध में घायलों के बयान पर टाटा-407 चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार बीती रात गांव बांस निवासी राजेंद्र अपने साथी जस्सी, पेश और विष्णु के साथ कार नंबर एचआर-21ई-5041 में सवार होकर रोहतक से हिसार की तरफ आ रहे थे। जब वे गांव भैणी महाराजपुर के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे टाटा-407 नंबर एचआर-99पीएफ (टी)-3396 से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई और जस्सी, रुपेश और विष्णु गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद वहां काफी संख्या में राहगीर एकत्रित हो गए और घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया। इसी बीच सूचना मिलने पर महम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया। पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी पीजीआई पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर टाटा-407 के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।