बवानी खेड़ा (भिवानी)। कस्बा बवानीखेड़ा में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं। एक माह में एक दर्जन चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसी कड़ी मेें चोरों ने इनेलो जिला अध्यक्ष सुनील लांबा के खेत को निशाना बनाया और बिजली की मोटर उड़ा ले गए। इनेलो नेता ने बवानीखेड़ा पुलिस थाना में चोरी की शिकायत दी है।
शिकायत में उन्होंने बताया कि अलखपुरा नहर के पास स्थित उसके खेत से चोरों ने बिजली की थ्री फेस मोटर चोरी कर ली। पिछले एक माह के दौरान एक माह से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। बवानीखेड़ा कस्बा में चोरों ने मोबाइल की चार दुकानों को पिछले दिनों निशाना बनाया और लाखों का सामान चुरा लिया। चोरों ने कस्बा निवासी सुनील कुमार, अनिल कुमार और मनोज कुमार की दुकानों को निशाना बनाया। इसके अलावा अकेले जमालपुर गांव में आधा दर्जन के करीब चोरियां हो चुकी हैं। बवानीखेड़ा थाना प्रभारी देवेंद्र नैन ने बताया कि चोरों पर लगाम कसने के लिए गश्त बढ़ाई गई है। चोरों पर लगाम कसने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।