भिवानी। गांव बामला निवासी युवक के नकाबपोश युवकों ने चाकू की नोंक पर 50000 रुपये लूट लिए। नकाबपोश युवकों ने युवक पर हमला भी किया। इसके चलते वह घायल हो गया। युवक को भिवानी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना बामला के समीप रेवाड़ी मोड़ पर हुई। नकाबपोश टाटा मैजिक गाड़ी में सवार थे। रुपये छीनने के बाद वे फरार हो गए।
गांव बामला निवासी बिंद्र अपनी टाटा मैक्स गाड़ी से अपने मामा के यहां गांव मोखरा जा रहा था। जब वह रेवाड़ी मोड़ पर पहुंचा तो टाटा मैजिक गाड़ी में सवार युवकों ने उसकी गाड़ी रोक ली। उसमें सवार चार-पांच नकाबपोश युवकों ने चाकू की नोक पर उसके 50000 रुपये छीन लिए। बिंद्र के भाई अशोक ने बताया कि लुटेरे उसके भाई के पास से 50000 रुपये लूट ले गए। नकाबपोशों ने हमला कर उसे बेहोश कर दिया। किसी ने उसे उपचार के लिए बेहोशी की हालत में भिवानी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। युवक के भाई अशोक ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। सदर थाना प्रभारी श्रीपाल ने बताया कि घटना संज्ञान में आई है। फिलहाल कोई शिकायत नहीं आई है। इसके बारे में पता किया जाएगा। पुलिस उचित कार्रवाई करेगी।