फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘... तो भोंदू बण के रह’ नाटक ने किया लोटपोट

Tue, 26 Feb 2013 05:31 AM IST
Rohtak
विज्ञापन
विज्ञापन
रेवाड़ी। बाल भवन में जारी तीन दिवसीय सांस्कृतिक संध्या का समापन हास्य नाटक ‘जै सुख तै चाहवै जीवणा को भोंदू बण के रह’ से हुआ। बंजारा सांस्कृतिक संस्था के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत करीब डेढ़ घंटे के इस हास्य नाटक में जहां बाल भवन का सभागार ठहाकों से गूंजता रहा, वहीं कलाकारों के जीवंत अभिनय को दर्शक पेट पकड़ कर देखते रहे। नाटक में एक ओर जहां शिक्षा व्यवस्था की खामियों पर करारा व्यंग्य किया गया वहीं हास्य के माध्यम से राजनीति, राजनेता व घोटालों पर भी प्रहार किया गया।
विज्ञापन

सोमवार को बाल भवन के खुले प्रांगण में हरियाणा कला परिषद के सौजन्य से आयोजित हास्य नाटक को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूत्रधार (गोपाल वशिष्ठ) के मंच पर संवाद बोलने के साथ शुरू हुआ हंसी का सिलसिला डेढ़ घंटे तक बना रहा। नाटक में जहां मास्टर का उत्कृष्ट अभिनय करते गोपाल वशिष्ठ ने शिक्षा प्रणाली की खामियों के साथ-साथ सरकार के घोटालों व राजनेताओं की करतूतों पर करारा व्यंग्य किया, वहीं भोंदू के रूप में खूबराम सैनी ने अपने संवादों व दिलकश अदाकारी से दर्शकों को लोटपोट किया। शारीरिक विकलांग शिष्य की भूमिका में कूड़ामल (विनोद शर्मा) और हकलाने वाले शिष्य तोताराम (संजय डाबला) ने हंसी को चरम ऊंचाईयों पर पहुंचाया। कक्षा के डॉन की भूमिका में भूरू (विनय सैनी) ने भी प्रभावित किया।
नाटक के निदेशक विजय भाटोटिया ने अनपढ़ नेता, ऋषि सिंहल ने हेडमास्टर, जितेंद्र शर्मा ने भोलू, राजेश जोली ने इंस्पेक्टर, भूपेंद्र सैनी ने ताला सिंह, राजेश गुप्ता ने भरतू, योगेश कौशिक ने रामू, प्रवीण सैनी ने मौलू की भूमिका में अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ी। इसके अतिरिक्त भगत सिंह, मुकेश सैन, माहिर सैन की भूमिका भी सराहनीय रही। नाटक में देसी रामलीला के दृश्य में वर्तमान समय में रामलीलाओं के माध्यम से संस्कृति के साथ किए जा रहे खिलवाड़ पर भी करारा व्यंग्य किया गया।
विज्ञापन

मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने वाले बिजली मंत्री कैप्टन अजय यादव ने रंगमंच के क्षेत्र में 23 सालों से सक्रिय बंजारा संस्था के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक जागरूकता व सांस्कृतिक उत्थान के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम चलते रहने चाहिए। उन्होंने संस्था को 51 हजार रुपये भेंट किए। इस मौके पर समाजसेवी रवि गुप्ता, शिक्षाविद हजारीलाल यादव व फिल्म निर्माता जसवीर चौधरी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। संस्था के अध्यक्ष जगमोहन गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें